November 12, 2026

इंदौर। शहर में गुंडागर्दी, वाहनों में तोड़फोड़ और दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में एरोड्रम थाना पुलिस ने पूर्व में वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामलों में शामिल रहे लोगों को थाने बुलाकर चेतावनी दी। थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने साफ कहा कि दोबारा ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

थाने बुलाकर भरवाए डोजियर, दर्ज की व्यक्तिगत जानकारी

28 अक्टूबर 2026 को एरोड्रम थाना पुलिस ने क्षेत्र में पहले वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले लोगों को थाने तलब किया। इस दौरान सभी से डोजियर फॉर्म भरवाए गए। इनमें उनके वर्तमान निवास, व्यवसाय, जीवनशैली और मौजूदा गतिविधियों से जुड़ी जानकारी दर्ज की गई।

पुलिस के मुताबिक, इस प्रक्रिया का उद्देश्य सूचीबद्ध अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना तथा क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।

थाना प्रभारी ने दी दोबारा अपराध न करने की चेतावनी

थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने संबंधित लोगों को व्यक्तिगत रूप से समझाइश देते हुए चेतावनी दी कि गुंडागर्दी, वाहनों में तोड़फोड़, क्षेत्र में दहशत फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोबारा ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर कठोर कार्रवाई होगी।

पुलिस के अनुसार, सभी ने अपने परिजनों के सामने भविष्य में अपराधों की पुनरावृत्ति नहीं करने की शपथ भी ली।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संतोष सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी और पुलिस उपायुक्त जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-1 सुमित केरकेट्टा और सहायक पुलिस आयुक्त मल्हारगंज अशोक सिंह जादौन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव के नेतृत्व में एरोड्रम पुलिस ने यह कदम उठाया।

पुलिस ने दिया सख्त कार्रवाई का संदेश

एरोड्रम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में दहशत फैलाने, वाहनों या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर नजर रखी जा रही है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *