भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने पुरी के नामांकन पर सवाल उठाते हुए जेफ्री एपस्टीन से जुड़े विवाद का जिक्र किया है। वहीं, भाजपा ने कांग्रेस पर सिख समाज के प्रति नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए 1984 के सिख विरोधी दंगों का मुद्दा उठाया है।

कुणाल चौधरी ने लगाए गंभीर आरोप, जांच की मांग
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है, जिनका नाम बच्चियों के शारीरिक शोषण और तस्करी से जुड़े अंतरराष्ट्रीय विवादों में सामने आया है।
चौधरी ने भाजपा से पूछा कि वह क्या छिपाना चाहती है। उन्होंने इस मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर हर स्तर पर विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने हरदीप पुरी को देश की संसद में भेजे जाने पर भी आपत्ति जताई।
उमंग सिंघार ने एपस्टीन विवाद का किया जिक्र
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजे जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे प्रदेश की जनता का अपमान बताया।
सिंघार ने कहा कि राज्यसभा का टिकट देना भाजपा का आंतरिक मामला हो सकता है, लेकिन जेफ्री एपस्टीन से जुड़े विवाद के बीच पुरी को मध्य प्रदेश का प्रतिनिधि बनाना जनता की भावनाओं से जुड़ा सवाल है। उन्होंने भाजपा से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा।
सिंघार ने यह भी सवाल उठाया कि पुरी के नामांकन में प्रस्तावक और समर्थक कौन-कौन हैं तथा भाजपा के किन नेताओं ने इसमें हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इन सभी को जनता के सामने जवाब देना चाहिए।
रजनीश अग्रवाल का पलटवार, 1984 के दंगों की दिलाई याद
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा के राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया गया है और वे चुनाव जीतेंगे। अग्रवाल ने कांग्रेस से सवाल किया कि उसे सिखों और सरदारों से इतनी नफरत क्यों है?
उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। अग्रवाल ने आरोप लगाया कि उस दौरान सिखों की हत्या करने वाले लोगों के खिलाफ कांग्रेस को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना तथ्यों और तर्कों के राजनीति कर रही है।
अग्रवाल ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के साथ कांग्रेस के व्यवहार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब सहित अन्य राज्यों की जनता कांग्रेस को इसका जवाब देगी।