इंदौर। जिले के बेटमा में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की जमीन पर बाउंड्रीवॉल निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। निर्माण के विरोध में बड़ी संख्या में छात्राएं सड़क पर उतर आईं और प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित विद्यार्थियों ने मौके पर बनाई जा रही बाउंड्रीवॉल को तोड़ दिया। घटना के बाद स्थानीय प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई।

करणी सेना परिवार ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
मामले में करणी सेना परिवार ने देपालपुर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर स्कूल की जमीन के स्वामित्व, नामांतरण और निर्माण कार्य की वैधता पर सवाल उठाए हैं। संगठन का आरोप है कि स्कूल के आसपास पहले से बनी बाउंड्रीवॉल की जमीन पर कथित कब्जे के बाद नया निर्माण कराया जा रहा है।
सर्वे नंबर और नामांतरण की जांच की मांग
संगठन ने मांग की है कि संबंधित भूमि के सर्वे नंबर, नामांतरण किसके पक्ष में हुआ और इसके लिए किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया, इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही निर्माण कार्य की आधिकारिक अनुमति और उसकी वैधता से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग भी की गई है।
करणी सेना परिवार का कहना है कि स्कूल की जमीन और संपत्ति की सुरक्षा जरूरी है, ताकि छात्राओं के हित प्रभावित न हों। फिलहाल भूमि के स्वामित्व, नामांतरण और निर्माण की वैधता को लेकर उठाए गए सवालों पर प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।