November 18, 2026

भानुप्रतापपुर। मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के मुद्दे को लेकर नगर पंचायत प्रशासन और व्यापारियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। नगर पंचायत की ओर से दुकानों के सामने सड़क तक किए गए कब्जे हटाने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिए जाने के विरोध में व्यापारियों ने प्रदर्शन किया और रैली निकालकर नगर पंचायत अध्यक्ष से लेकर एसडीएम तक अपनी मांगें रखीं। एसडीएम के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

तीन दिन का अल्टीमेटम खत्म होने पर व्यापारियों का विरोध

दरअसल, नगर पंचायत ने मुख्य मार्ग पर दुकानों के सामने सीढ़ियां, पोर्च, टिन शेड और सड़क तक सामान फैलाकर कारोबार करने वाले दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया था। इसकी समय-सीमा गुरुवार को समाप्त हो गई। त्योहारी सीजन में कार्रवाई की चेतावनी से नाराज व्यापारियों ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

नगर पंचायत अध्यक्ष और एसडीएम से की मुलाकात

प्रदर्शनकारी पहले नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और अध्यक्ष से मुलाकात कर अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। अध्यक्ष ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद व्यापारी रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम अनिकेत फड़तरे से मुलाकात कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर चर्चा की।

एसडीएम के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त

एसडीएम अनिकेत फड़तरे ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि अगली बैठक तक इस तरह की कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से नगर की व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की। आश्वासन मिलने के बाद व्यापारी सहमत हुए और उन्होंने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

फिलहाल, बातचीत के बाद अतिक्रमण के मुद्दे पर तत्काल टकराव टल गया है। अब अगली बैठक में नगर की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *