बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 13 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक नाबालिग समेत तीन युवक बच्ची को डराकर एक घर में ले गए और उसके साथ जबरदस्ती की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी नाबालिग है।

पेन खरीदने निकली थी बच्ची, रात में मिली बेहोश
मामला रनचिरई थाना क्षेत्र के एक गांव का है। शिकायत के अनुसार, पीड़िता गांव के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा आठवीं की छात्रा है। 14 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वह पेन खरीदने की बात कहकर घर से निकली थी। रात 8 बजे तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
इसी बीच रात करीब 11 बजे परिवार को सूचना मिली कि बच्ची गांव के कुछ युवकों द्वारा एक रिश्तेदार के घर बेहोशी की हालत में लाई गई है। परिजन वहां पहुंचे और उसे तत्काल गुंडरदेही अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद अगले दिन बच्ची को घर लाया गया।
12 दिन बाद मां को बताई घटना
परिजनों के मुताबिक, घर लौटने के बाद बच्ची चुपचाप और डरी-सहमी रहने लगी थी। मां के पूछने पर 26 अक्टूबर को उसने घटना के बारे में बताया। पीड़िता के आरोप के अनुसार, गांव के दो युवक उसे डराकर एक घर में ले गए और वहां तीसरे युवक को बुलाया। इसके बाद उसे पहली मंजिल पर स्थित कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया गया और उसके साथ जबरदस्ती की गई।
बच्ची ने बताया कि आरोपियों की धमकी से वह डर गई थी। घटना के बाद घबराहट में वह बेहोश हो गई। होश आने पर किसी तरह घर से बाहर निकली, लेकिन रास्ते में फिर बेहोश हो गई। इसके बाद गांव के कुछ लोग उसे एक परिचित के घर ले गए।
BNS और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज
पीड़िता की मां ने 27 अक्टूबर को परिजनों और गांव के प्रतिनिधियों के साथ रनचिरई थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 65(1), 70(2), 137(2), 127(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 6 के तहत अपराध दर्ज किया है।
मुख्य आरोपी नाबालिग, तीनों गिरफ्तार
एसडीओपी विनय साहू के मुताबिक, मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि नाबालिग को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने की बात कही गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।