November 18, 2026

गरियाबंद। बंगाल की खाड़ी से उठे साइक्लोन अर्नब के असर से गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र में किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। धान खरीदी शुरू होने से पहले ही हजारों एकड़ में लगी फसल पर नुकसान का खतरा मंडरा रहा है। सिनापाली, बाड़ीगांव, गिरशुल और झाखरपारा क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों में पकी हुई धान की फसल पानी से भरे खेतों में गिर गई है।

पानी में डूबी फसल बचाने की कोशिश

देवभोग तहसील के सिनापाली गांव में किसान घुटने तक भरे पानी के बीच अपनी फसल बचाने में जुटे हैं। खेतों में गिरे धान के पौधों को किसान कपड़े की रस्सियों से बांधकर खड़ा कर रहे हैं, ताकि बालियां लंबे समय तक पानी में डूबी न रहें और सड़ने से बच सकें।

किसान दुर्बल राम, खिरसिंधु और हरिराम के मुताबिक, दूध भरने की अवस्था वाली धान की फसल को सबसे ज्यादा खतरा है। उनका कहना है कि यदि फसल तीन दिन से अधिक समय तक पानी में डूबी रही तो धान खराब हो सकता है। वहीं, पक चुकी फसल के पौधों के भी सड़ने की आशंका है।

सब्जी, मक्का और दलहन की फसलें भी प्रभावित

तूफान और बारिश से धान के अलावा मक्का, सब्जी और दलहन की फसलों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। खेतों और बाड़ियों में पानी भरने से सब्जी उत्पादकों की परेशानी बढ़ गई है। बाजार बंद रहने के कारण किसान अपनी उपज बेच भी नहीं पा रहे हैं।

किसानों के मुताबिक, पिछले दो दिनों में सब्जियों की गुणवत्ता प्रभावित होने लगी है। ऐसे में कुछ किसान लागत निकालने की उम्मीद में घरों के सामने ही दुकान लगाकर सब्जियां बेच रहे हैं। खाद और बीज पर किए गए खर्च के डूबने की चिंता के बीच किसान बची हुई फसल को सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहे हैं।

नुकसान के आकलन के लिए होगा सर्वे

देवभोग तहसीलदार सुशील कुमार भोई ने बताया कि तूफान से काफी नुकसान हुआ है। प्रभावित किसानों की फसलों और अन्य नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वे कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत तक फसल नुकसान होने पर आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत क्षतिपूर्ति का प्रावधान है। इसके लिए प्रभावित किसानों को विधिवत आवेदन देना होगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *