बस्तर में कथित नकली खाद को लेकर किसानों का आक्रोश, जांच शुरू
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में कथित नकली और अमानक खाद को लेकर किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि 1,350 रुपये कीमत वाला खाद उन्हें निजी दुकानों से 2,000 रुपये में खरीदना पड़ा, लेकिन उसकी गुणवत्ता बेहद खराब निकली।

किसानों का कहना है कि खाद में मिलावट है और इसका फसलों पर अपेक्षित असर नहीं दिख रहा, जिससे सैकड़ों किसान प्रभावित हुए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस प्रदर्शन को कांग्रेस का भी समर्थन मिला।
इधर, कृषि विभाग ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित खाद का नमूना जांच के लिए भेज दिया गया है। साथ ही, संबंधित दुकान पर उर्वरक की बिक्री पर 21 दिनों के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है। विभाग प्रभावित किसानों की सूची भी तैयार कर रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, यदि जांच में खाद अमानक पाया जाता है, तो संबंधित कंपनी और वितरक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, किसानों को मुआवजा देने पर निर्णय जांच रिपोर्ट और आगे की कानूनी प्रक्रिया के आधार पर लिया जाएगा।