धमतरी। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले प्रशासन ने अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में धमतरी जिले में एसडीएम मनोज मरकाम की टीम ने धान से भरे दो वाहनों को जब्त किया है। दोनों वाहनों से करीब 550 बोरी धान बरामद हुआ है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, धान ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाया गया था और इसे नगरी क्षेत्र की एक राइस मिल में खपाने की तैयारी थी। सूचना मिलने पर एसडीएम मनोज मरकाम ने कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को पकड़ लिया। जब्त धान के स्रोत और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
ओडिशा से धान लाकर खपाने की आशंका
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान दूसरे राज्यों, विशेषकर ओडिशा से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने अवैध परिवहन और भंडारण पर निगरानी बढ़ा दी है।
अधिकारियों के अनुसार, जब्त धान के मामले में मंडी अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।
कोलियारी में भी 10.40 क्विंटल धान जब्त
नगरी के अलावा प्रशासन की टीम ने कोलियारी में भी अवैध धान भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की। यहां सुयश ट्रेडिंग से 10.40 क्विंटल धान जब्त किया गया। प्रशासन जिले में धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर निगरानी रख रहा है।