नारायणपुर। जिले के पुराने बस स्टैंड से सामने आए एक कथित वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बोलेरो वाहन में बैठा एक व्यक्ति नशे की हालत में हिंदू धर्म को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के सदस्यों ने नारायणपुर थाने में लिखित शिकायत देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

युवकों ने बनाया वीडियो
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो नारायणपुर के पुराने बस स्टैंड का है। इसमें लाल रंग के कपड़े और चश्मा पहने एक व्यक्ति सात सीटर बोलेरो में बैठा नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद कुछ युवक उससे हिंदू धर्म के लोगों के खिलाफ गाली-गलौज और आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर सवाल करते दिखाई देते हैं। वीडियो में व्यक्ति उनकी बात पर हामी भरता नजर आता है। युवकों ने इस घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
माइनिंग ऑफिसर डालेश्वर युदु के नाम की चर्चा
वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान को लेकर भी चर्चा है। स्थानीय लोगों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि वह माइनिंग ऑफिसर डालेश्वर युदु हैं। हालांकि, इस पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में दिख रहे वाहन का नंबर CG 04 QV 1317 बताया जा रहा है। वाहन और उसमें बैठे व्यक्ति के संबंध में भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
VHP और बजरंग दल ने थाने में दी शिकायत
वीडियो को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सदस्यों ने नारायणपुर थाने में लिखित शिकायत सौंपी है। संगठनों का कहना है कि वीडियो में इस्तेमाल की गई भाषा से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस की ओर से शिकायत पर की गई कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वीडियो की सत्यता, उसमें दिख रहे व्यक्ति की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।