November 18, 2026

आरंग। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की पूर्व संध्या पर आरंग के कलई रोड स्थित ‘अटल परिसर’ की बदहाली और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के आसपास पसरे अंधेरे का मुद्दा सामने आने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने कार्रवाई की। खबर प्रकाशित होने के कुछ ही घंटों के भीतर परिसर की सफाई कराई गई और विद्युत व्यवस्था भी दुरुस्त की गई।

खबर के बाद हरकत में आया नगर पालिका प्रशासन

मामले की जानकारी मिलने के बाद रविवार सुबह नगर पालिका के सफाई कर्मचारी और तकनीकी अमला अटल परिसर पहुंचा। कर्मचारियों ने परिसर में फैली गंदगी और धूल की सफाई की। इसके साथ ही प्रतिमा के आसपास बंद पड़ी लाइटों को भी चालू कराया गया। अब परिसर में रोशनी दिखाई दे रही है।

स्थानीय नागरिकों ने जताया आभार

कार्रवाई के बाद स्थानीय रहवासियों ने संतोष जताया। निवासी जोगेन्द्र सिंह ठाकुर और वीरेंद्र शुक्ला ने कहा कि परिसर में अंधेरा और अव्यवस्था देखकर उन्हें दुख हुआ था। उन्होंने बताया कि खबर के बाद प्रशासन ने तत्काल सफाई कराई और लाइटें चालू कराईं। दोनों ने इस मुद्दे को सामने लाने के लिए मीडिया के प्रति आभार जताया।

नियमित रखरखाव की उठी उम्मीद

अटल परिसर में सफाई और रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त होने के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नगर पालिका यहां नियमित रखरखाव पर भी ध्यान देगी। नागरिकों का कहना है कि महापुरुषों की प्रतिमाओं और उनसे जुड़े सार्वजनिक स्थलों की देखरेख लगातार होनी चाहिए, ताकि ऐसे स्थानों पर दोबारा गंदगी और अंधेरे की स्थिति न बने।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *