राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले का खैरा गांव देश में एक नई मिसाल बन गया है। 889 की आबादी वाले इस गांव के सभी 141 घरों की छतों पर प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इसके साथ ही खैरा योजना के तहत शत-प्रतिशत घरों में रूफटॉप सोलर लगाने का लक्ष्य हासिल करने वाला देश का पहला गांव बन गया है।

गांव के प्रत्येक घर में 2 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाया गया है। इस तरह खैरा में कुल स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता करीब 282 किलोवाट हो गई है। खास बात यह है कि ग्रामीणों को इसके लिए अपनी जेब से कोई भुगतान नहीं करना पड़ा। केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी के बाद बची लागत सीएसआर (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) के सहयोग से पूरी की गई।
141 घरों में सोलर, 93 प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही
खैरा की उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि यहां सौर ऊर्जा का लाभ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक पहुंचा है। गांव के 141 सोलर युक्त घरों में से 93 प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों के हैं। यानी इन परिवारों के नए बने घर शुरू से ही सौर ऊर्जा से जुड़ गए हैं।
गांव की कुल आबादी 889 है। इसमें अनुसूचित जनजाति के 21 परिवारों की जनसंख्या 88 और अनुसूचित जाति के चार परिवारों की जनसंख्या 18 है।
उपभोक्ता से ऊर्जादाता बने ग्रामीण
अब तक अधिकांश परिवारों के लिए बिजली का मतलब हर महीने बिल चुकाना था। रूफटॉप सोलर सिस्टम लगने के बाद ग्रामीण अपने घर की छत पर ही बिजली बना रहे हैं। योजना के तहत नेट मीटरिंग की सुविधा से जरूरत से अधिक उत्पादित बिजली ग्रिड में भेजी जा सकती है, जिससे बिजली बिल में कमी आती है।
इससे ग्रामीणों की बिजली के लिए केवल ग्रिड पर निर्भरता भी कम हुई है। अब सौर ऊर्जा उनके रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बन गई है।
सूर्य सखियों ने घर-घर पहुंचाया योजना का संदेश
योजना को गांव के हर परिवार तक पहुंचाने में स्थानीय महिलाओं की अहम भूमिका रही। पीएम सूर्य सखियों ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को योजना की जानकारी दी और आवेदन प्रक्रिया में मदद की। इनमें संगीता साहू भी शामिल हैं। पद्मश्री फुलबासन बाई यादव का स्व-सहायता समूहों का नेटवर्क भी इस अभियान में सक्रिय रहा।
इस अभियान में प्रचार के बजाय व्यक्तिगत संपर्क पर जोर दिया गया। महिलाओं ने परिवारों से बार-बार मुलाकात की, उनकी शंकाएं दूर कीं और दस्तावेज व फॉर्म भरने में मदद की।
ग्राम पंचायत के सरपंच भूपेंद्र यादव ने भी ग्रामीण सभाओं और शिविरों में भाग लेकर लोगों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
फुलबासन बाई यादव ने कहा, “लोग कागज से ज्यादा अपने पड़ोसी की बात पर भरोसा करते हैं। हम घर-घर गए, हर परिवार के साथ बैठे और समझाया कि यह योजना उनकी अपनी है और इसकी बचत उनके घर में ही रहेगी।”
वहीं सूर्य सखी संगीता साहू ने बताया कि कई परिवारों के मन में खर्च और योजना की शर्तों को लेकर सवाल थे। ऐसे में उन्होंने बार-बार जाकर पूरी प्रक्रिया समझाई और आवेदन में सहायता की।
विधवा, बुजुर्ग और कम आय वाले परिवारों को राहत
इस योजना से सीमित और निश्चित आय वाले परिवारों को भी राहत मिली है। लाभार्थियों में विधवाएं और बुजुर्ग शामिल हैं, जो पेंशन, खेती, घरेलू काम या मनरेगा से होने वाली मजदूरी पर निर्भर हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही शोहगिल गोंड विधवा हैं और पेंशन के सहारे जीवनयापन करती हैं। उनका कहना है, “मैं अकेली रहती हूं और सिर्फ पेंशन के सहारे हूं। अब बिजली बिल की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।”
इसी तरह कार्तिक यादव, जो मजदूरी और घरेलू काम पर निर्भर हैं, ने कहा कि उनकी कमाई सीमित है और सोलर सिस्टम लगने से बिजली बिल की चिंता कम होगी। बुजुर्ग सहदेव साहू ने भी इसे बड़ी राहत बताया।
गांव में ही बैंक शिविर लगाकर पूरी कराई प्रक्रिया
ग्रामीण क्षेत्रों में रूफटॉप सोलर योजनाओं के विस्तार में दस्तावेज, बैंकिंग प्रक्रिया और शुरुआती खर्च को लेकर संदेह जैसी चुनौतियां सामने आती हैं। खैरा में इन समस्याओं को दूर करने के लिए नियमित पीएम सूर्य सभाएं आयोजित की गईं। इनमें पात्रता, लागत और संभावित बचत की जानकारी दी गई।
बैंक अधिकारियों ने गांव में ही विशेष शिविर लगाकर दस्तावेजों की जांच की और बैंकिंग औपचारिकताएं पूरी कराईं। इससे ग्रामीणों को बार-बार बैंक शाखाओं के चक्कर नहीं लगाने पड़े।
खैरा की इस उपलब्धि के पीछे सरकारी योजना, ग्रामीणों की भागीदारी, स्थानीय महिलाओं का प्रयास और सीएसआर सहयोग की अहम भूमिका रही। यह मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के विस्तार के लिए एक उदाहरण के रूप में सामने आया है।