धमतरी। शहर के सोरिद वार्ड में दूषित पानी की सप्लाई से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्डवासी बोतलों में गंदा पानी भरकर कांग्रेस पार्षदों के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। उन्होंने निगम प्रशासन से जल्द साफ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।

एक महीने से गंदे पानी की सप्लाई का आरोप
प्रदर्शन कर रहे वार्डवासियों का आरोप है कि सोरिद वार्ड में पिछले एक महीने से नलों के जरिए दूषित पानी घरों तक पहुंच रहा है। उनका कहना है कि मजबूरी में इस पानी का इस्तेमाल करने से लोग बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
गुस्साए लोगों ने अधिकारियों को भी वही पानी पीकर देखने की चुनौती दी। उनका कहना था कि अधिकारी एक दिन वह पानी पीकर दिखाएं, जिसे वार्डवासी पिछले 30 दिनों से इस्तेमाल करने को मजबूर हैं।
निगम कार्यालय में घुसकर की नारेबाजी
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, काफी देर तक कोई अधिकारी उनसे बात करने बाहर नहीं आया। इसके बाद वार्डवासी निगम कार्यालय के अंदर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने ‘निगम प्रशासन होश में आओ’ और ‘वार्ड में साफ पानी उपलब्ध कराओ’ जैसे नारे लगाए।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि निगम की ओर से वार्ड में पानी की टंकी जैसी वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
नाले के पास पाइपलाइन में लीकेज की बात
मामले में निगम के जल विभाग सभापति ने बताया कि वार्ड में नाले के पास पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण गंदा पानी पेयजल में मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि पाइपलाइन की मरम्मत का काम जारी है और जल्द ही समस्या दूर कर दी जाएगी।
फिलहाल वार्डवासियों को साफ पानी की आपूर्ति बहाल होने का इंतजार है।