जांजगीर-चांपा। चांपा थाना क्षेत्र में युवक पर एसिड फेंककर हमला करने के मामले में पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, बिना वैध दस्तावेज एसिड बेचने के आरोप में 70 वर्षीय दुकानदार मोहम्मद हुसैन बोहरा को भी गिरफ्तार किया गया है।

प्रेम संबंध में विवाद के बाद किया हमला
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने 28 अक्टूबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि महिला के साथ प्रेम संबंध के दौरान हुए विवाद के बाद महिला ने उस पर एसिड फेंक दिया। हमले में युवक के दाहिने हाथ, भुजा और कलाई में जलने की चोटें आईं।
शिकायत के आधार पर चांपा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 585/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 124(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
शौचालय की सफाई के नाम पर खरीदा था एसिड
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला ने शौचालय की सफाई के लिए दुकान से एसिड खरीदा था। पुलिस के अनुसार, दुकानदार मोहम्मद हुसैन बोहरा, निवासी सदर बाजार, चांपा, एसिड की बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 के तहत कार्रवाई की। मामले में महिला आरोपी और दुकानदार दोनों को गिरफ्तार किया गया है।