November 19, 2026

नई दिल्ली/रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के प्रमोटर और मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया है। ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद CBI ने उसे अदालत में पेश किया था। जांच एजेंसी ने सौरभ को पूछताछ के लिए रायपुर ले जाने की अनुमति मांगी थी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया।

ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद CBI की टीम उसे रायपुर लेकर आएगी। यहां महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट से जुड़े मामलों में उससे पूछताछ की जाएगी।

ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया सौरभ

सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत प्रत्यर्पित किया गया था। CBI ने अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की थी। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी था। इसी के आधार पर उसकी लोकेशन का पता चला और रॉयल ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था।

CBI के दो मामलों में सौरभ के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक मामले में भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दर्ज है।

विदेश से संचालित हो रहा था सट्टेबाजी का नेटवर्क

CBI ने छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े मामलों की जांच अपने हाथ में ली थी। जांच एजेंसी के मुताबिक, यह देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट में से एक था, जिसका संचालन विदेश से किया जा रहा था।

इस प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और अन्य आयोजनों पर सट्टेबाजी कराई जाती थी। इसके लिए फ्रेंचाइजी आधारित पैनल और शाखाओं का नेटवर्क बनाया गया था, जिसके माध्यम से देशभर में लोगों को सट्टेबाजी से जोड़ा जाता था।

म्यूल खातों और हवाला के जरिए रकम भेजने का आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, सट्टेबाजी से अर्जित रकम को कई म्यूल बैंक खातों के जरिए अलग-अलग लेनदेन में घुमाया जाता था। इसके बाद हवाला चैनलों के माध्यम से पैसा विदेश भेजा जाता था। CBI ने यह भी आरोप लगाया है कि सिंडिकेट को निर्बाध रूप से चलाने के लिए अवैध कमाई का एक हिस्सा सरकारी कर्मचारियों को संरक्षण राशि के रूप में दिया जाता था।

इस मामले में CBI ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988, भारतीय दंड संहिता की आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ी धाराओं तथा छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत आरोपपत्र दाखिल किए हैं। सौरभ चंद्राकर इनमें प्रमुख नामजद आरोपियों में शामिल है। वहीं, ED भारत और विदेशों में उसकी कई संपत्तियां अटैच कर चुकी है।

अब रायपुर में पूछताछ के दौरान CBI सट्टेबाजी नेटवर्क के संचालन, वित्तीय लेनदेन और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *