रायपुर। आम आदमी पार्टी (AAP) ने विभिन्न राज्यों में संगठन और डिजिटल उपस्थिति को मजबूत करने के लिए बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। पार्टी ने 21 राज्यों में नए सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटरों की नियुक्ति की है। छत्तीसगढ़ से अन्यतम शुक्ला को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अन्यतम शुक्ला वर्तमान में आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर काम कर रहे हैं। पार्टी के डिजिटल अभियानों और गतिविधियों को सोशल मीडिया के जरिए जनता तक पहुंचाने में उनकी भूमिका रही है।
प्रदेश के साथ राष्ट्रीय सोशल मीडिया टीम में भी निभाएंगे भूमिका
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अन्यतम शुक्ला छत्तीसगढ़ में प्रदेश स्तर पर अपनी जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ AAP की राष्ट्रीय सोशल मीडिया टीम के कामकाज में भी सहयोग करेंगे।
पार्टी का उद्देश्य सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए संगठन की गतिविधियों, अभियानों और नीतियों को अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाना है।
अन्यतम शुक्ला ने जताया पार्टी नेतृत्व का आभार
नई जिम्मेदारी मिलने पर अन्यतम शुक्ला ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए वह दिल से आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में सोशल मीडिया जनता की आवाज और सरकार की नीतियों को सामने रखने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। छत्तीसगढ़ के साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी की नीतियों, जनकल्याणकारी विचारों और अरविंद केजरीवाल की गारंटी को जनता तक पहुंचाने के लिए उनकी टीम पूरी ईमानदारी से काम करेगी।
AAP कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
अन्यतम शुक्ला को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
पार्टी की ओर से 21 राज्यों में सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटरों की नियुक्ति को संगठन की डिजिटल पहुंच और सोशल मीडिया अभियान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।