दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। तांदुला नहर में रायपुर का 15 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की सूचना पर SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। फिलहाल खिलाड़ी की तलाश जारी है।

कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आया था शिवम
हादसा पाटन ब्लॉक के सेलूद भाठापारा स्थित तांदुला नहर में हुआ। बताया जा रहा है कि रायपुर के गुढ़ियारी निवासी शिवम यादव (15) सेलूद में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आया था।
जानकारी के मुताबिक, प्रतियोगिता स्थल के पास स्थित तांदुला नहर की ओर शिवम शौच के लिए गया था।
नहर किनारे फिसला पैर, तेज बहाव में बहा
बताया जा रहा है कि शौच के बाद शिवम नहर के किनारे हाथ-पैर धोने के लिए पानी में उतरा। इसी दौरान नहर के किनारे जमी काई के कारण उसका पैर फिसल गया।
पैर फिसलने के बाद वह खुद को संभाल नहीं सका और गहरे पानी में चला गया। नहर में तेज बहाव होने के कारण वह पानी की धार के साथ बह गया और देखते ही देखते साथियों की नजरों से ओझल हो गया।
साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं मिली सफलता
घटना के दौरान मौके पर मौजूद साथी खिलाड़ियों ने शिवम को बचाने का प्रयास किया। हालांकि, पानी का बहाव तेज होने के कारण वे उसे बचाने में सफल नहीं हो सके।
घटना की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी गई। इसके बाद SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
शिवम की तलाश में जुटी SDRF टीम
SDRF के जवान नहर में संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। फिलहाल शिवम यादव का कोई पता नहीं चल सका है और उसकी तलाश जारी है।
हादसे के बाद प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। प्रशासन की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की जा रही है।