बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। घर के आंगन में खेलते समय बच्ची पानी से भरे टब में गिर गई। कुछ देर बाद परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो वे आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घटना नगर पंचायत डौंडीलोहारा के राजापारा की है।

आंगन में खेलते समय टब में गिरी मासूम
जानकारी के मुताबिक, बच्ची के पिता लक्की ठाकुर किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। उस समय घर में बच्ची की मां, दादी, बड़ी मम्मी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान खेलते-खेलते वह पानी से भरे टब में गिर गई।
बताया गया कि परिवार के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। कुछ देर तक किसी का ध्यान बच्ची की ओर नहीं गया। बाद में जब परिजनों ने उसे टब में देखा, तो वह छटपटा रही थी।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन तत्काल बच्ची को डौंडीलोहारा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता सदमे में हैं और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद राजापारा सहित आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।