November 7, 2026

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सांवारावा में पिकअप वाहन और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 महिलाएं घायल हुई हैं। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहा था ऑटो

जानकारी के मुताबिक, ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे। सभी बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव करहीपारा छिंदिया लौट रहे थे।

इसी दौरान ग्राम सांवारावा के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे में 3 महिलाओं की मौत

दुर्घटना में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50 वर्ष), रामबाई पति रामकुमार (60 वर्ष) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं करहीपारा छिंदिया की रहने वाली थीं।

हादसे के बाद घायलों को तत्काल पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल 6 महिलाओं का इलाज जारी है।

पिकअप चालक मौके से फरार

घटना की सूचना मिलते ही पटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस फरार चालक और दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *