November 20, 2026

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और बाइक के बीच टक्कर हो गई। इसके बाद सड़क पर गिरे दोनों वाहन सवारों को वहां से गुजर रहे भारी वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक्टिवा सवार युवती और बाइक सवार युवक की जान चली गई।

पहले दोपहिया वाहनों में भिड़ंत, फिर भारी वाहन की चपेट में आए

मिली जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हुई। टक्कर के कारण दोनों वाहन सवार संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान वहां से गुजर रहा तेज रफ्तार भारी वाहन उनके ऊपर से निकल गया।

बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक भारी वाहन के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक्टिवा सवार युवती भी गंभीर रूप से घायल हुई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़

घटना के बाद सड़क से गुजर रहे लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तत्काल 112 और संजीवनी वाहन को सूचना दी। कुसमुंडा थाना पुलिस को भी हादसे की जानकारी दी गई।

मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस दोनों मृतकों की पहचान कराने में जुटी है। हादसे के कारणों और भारी वाहन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *