November 9, 2026

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। बलौदाबाजार जिले के दरचुरा के पास तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 8 से 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। दुर्घटना सिमगा थाना क्षेत्र की है।

अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी बस

जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 04 NM 0859 सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि हादसे के समय अधिकांश यात्री नींद में थे।

सुबह करीब 5:30 बजे दरचुरा के पास तेज रफ्तार बस सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस और 112 की टीम ने चलाया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सिमगा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बस के अंदर फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद यात्रियों का सामान बस में बिखरा पड़ा था। घायलों को तत्काल सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

मृतकों के शव पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी।

हादसे की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे कराने में जुटी है, ताकि हाईवे पर यातायात बाधित न हो। हादसा बस चालक को झपकी आने के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच की जा रही है। खड़े ट्रक में रिफ्लेक्टर लगा था या नहीं, इस पहलू की भी पड़ताल की जा रही है।

प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसे

प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है। रविवार को कोरिया जिले के चर्चा थाना क्षेत्र के नगर गांव के पास बस और बोलेरो की टक्कर में बोलेरो सवार एक महिला की मौत हो गई थी। हादसे में चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हुए थे।

इससे पहले गुरुवार को मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस सेमरमथानी मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी। इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई थी, जबकि चालक समेत 40 लोग घायल हुए थे।

रायपुर में 24 घंटे के भीतर चार हादसे, पांच की मौत

राजधानी रायपुर में भी पिछले 24 घंटे के दौरान चार सड़क हादसों में पांच लोगों की जान जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें दो हादसे विधानसभा क्षेत्र में, एक रायपुरा-डीडीनगर और एक तेलीबांधा मेन रोड पर हुआ।

तेलीबांधा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड चौक पर रविवार को ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार टेमरी माना निवासी 35 वर्षीय गंगा साहू और उनकी 9 वर्षीय बेटी रितिका साहू की मौत हो गई।

वहीं, विधानसभा रोड पर दौंदेखुर्द के पास पिकअप की टक्कर से दोपहिया वाहन पर सवार होकर बलौदाबाजार से रायपुर आ रहे एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *