छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमों ने कई ठिकानों पर दबिश दी। जांच एजेंसी की टीम चर्चित शराब घोटाला मामले के आरोपी अनवर ढेबर के घर भी पहुंची। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, राजधानी में 3 से 4 अलग-अलग स्थानों पर जांच कार्रवाई की जा रही है।

सुबह से दस्तावेज खंगाल रही ED की टीमें
जानकारी के अनुसार, ED के अधिकारी सुबह से ही अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। इसी कड़ी में अनवर ढेबर के आवास पर भी छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर घर के बाहर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
फिलहाल ED की ओर से कार्रवाई के कारणों और जांच के दायरे को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पहले भी रायपुर और दुर्ग में हुई थी छापेमारी
गौरतलब है कि इससे पहले ED ने रायपुर के पंडरी क्षेत्र स्थित रवि नगर के सुशील विला और दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी में भी छापेमारी की थी।
रायपुर में कारोबारी नितिन डागा के आवास पर दो गाड़ियों से पहुंचे अधिकारियों ने कई दस्तावेजों की जांच की थी। वहीं, दुर्ग में ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े गुलशन बघेल के आवास पर ED की टीम पहुंची थी।
बताया गया था कि करीब 10 सदस्यीय टीम सुबह 6 बजे ऋषभ ग्रीन सिटी के E-701 स्थित उनके घर पहुंची और दस्तावेजों की जांच की थी।
ED की मौजूदा कार्रवाई को लेकर फिलहाल आधिकारिक विस्तृत जानकारी का इंतजार है।