November 19, 2026

जगदलपुर। बस्तर में संयुक्त ड्राइवर संघ ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। संघ ने बस्तर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। हड़ताल होने पर प्रदेश की परिवहन व्यवस्था और जरूरी सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।

संघ के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के 33 जिलों के ड्राइवर संगठनों के पदाधिकारियों की रायपुर में हुई बैठक में हड़ताल का निर्णय लिया गया है। ड्राइवरों का कहना है कि इससे पहले भी मांगों को लेकर आंदोलन किया गया था, लेकिन आश्वासन मिलने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।

जरूरी सेवाओं पर पड़ सकता है असर

ड्राइवरों की हड़ताल से राशन वितरण, सब्जी मंडियों तक सामान की आपूर्ति, पेट्रोल-डीजल परिवहन, खनिजों की ढुलाई और यात्री बसों का संचालन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। इससे आम लोगों के साथ-साथ व्यापार और परिवहन से जुड़े कारोबार पर भी असर पड़ सकता है।

ड्राइवरों की प्रमुख मांगें

संघ का आरोप है कि वाहन चालकों को आए दिन मारपीट, झूठे आरोप और असुरक्षा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। संगठन ने ड्राइवर आयोग के गठन, ड्राइवर वेलफेयर की व्यवस्था और ड्राइवर दिवस घोषित करने जैसी मांगें उठाई हैं।

अब देखना होगा कि 12 नवंबर से पहले शासन-प्रशासन इन मांगों पर क्या निर्णय लेता है। मांगों का निराकरण नहीं होने की स्थिति में बस्तर सहित प्रदेशभर में परिवहन सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *