बिलासपुर। शासकीय राजस्व कार्य के लिए 25 हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के संबंध में तहसीलदार पचपेड़ी की ओर से प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

वायरल वीडियो की जांच के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी पहले पटवारी हल्का नंबर 14 में पदस्थ थे। वर्तमान में वे तहसील पचपेड़ी के पटवारी हल्का नंबर 05 में कार्यरत थे।
सोशल मीडिया पर रिश्वत लेने से संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद तहसीलदार पचपेड़ी ने मामले की जांच की और 28 अक्टूबर को अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जांच रिपोर्ट में आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए।
कलेक्टर के आदेश में पटवारी के कृत्य को सिविल सेवा आचरण नियमों के विपरीत और गंभीर कदाचरण की श्रेणी में माना गया है। आदेश के मुताबिक, इस कृत्य से शासन की छवि भी धूमिल हुई है।
निलंबन अवधि में कोटा होगा मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, कोटा कार्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तहसीलदार पचपेड़ी को संबंधित पटवारी के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।