November 19, 2026

भिलाई। संसद, एयरपोर्ट, मेट्रो, पावर ग्रिड, ऑयल रिफाइनरी और बंदरगाहों जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा करने वाले केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने अपनी कमान व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। 1 नवंबर 2026 से देशभर में पुरानी भौगोलिक क्षेत्र आधारित (टेरिटोरियल) प्रणाली की जगह नई कार्यात्मक (फंक्शनल) कमान व्यवस्था लागू की गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की मंजूरी से हुए इस बदलाव के तहत अब औद्योगिक क्षेत्र के आधार पर सुरक्षा की जिम्मेदारी तय की गई है। इस नई व्यवस्था में छत्तीसगढ़ के भिलाई को स्टील सेक्टर का राष्ट्रीय मुख्यालय बनाया गया है।

औद्योगिक क्षेत्रों के हिसाब से बनाई गईं नई कमान

CISF ने बदलती सुरक्षा चुनौतियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों की अलग-अलग जरूरतों को देखते हुए यह बदलाव किया है। अब प्रतिष्ठानों की भौगोलिक स्थिति के बजाय उनके कार्यक्षेत्र के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था का संचालन और समन्वय किया जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत देश में निम्नलिखित फंक्शनल सेक्टर बनाए गए हैं:

  • पावर सेक्टर: पावर-I (नई दिल्ली) और पावर-II (कोलकाता)
  • कोयला सेक्टर: रांची
  • स्टील सेक्टर: भिलाई
  • पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस सेक्टर: गुवाहाटी
  • पोर्ट सेक्टर: पश्चिमी तट बंदरगाह (मुंबई) और पूर्वी तट बंदरगाह (चेन्नई)
  • सरकारी भवन, संग्रहालय, स्मारक एवं मेट्रो (GBMM & MRTS) सेक्टर: नई दिल्ली

ये नए सेक्टर विमानन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष विभाग के लिए पहले से संचालित CISF के सेक्टरों के साथ मिलकर काम करेंगे।

क्यों बदली गई कमान व्यवस्था?

अब तक क्षेत्रीय कमान के तहत कोयला खदानों, बिजली संयंत्रों, बंदरगाहों और अन्य 50 से अधिक प्रकार के प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की निगरानी की जाती थी। अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों की जरूरतें और सुरक्षा चुनौतियां अलग होने के कारण एक ही क्षेत्रीय कमान के तहत उनका प्रबंधन करना चुनौतीपूर्ण था।

नई व्यवस्था में प्रत्येक औद्योगिक क्षेत्र के लिए अलग नेतृत्व और विशेषज्ञता उपलब्ध होगी। इससे संबंधित संस्थानों के साथ तालमेल बनाने, सुरक्षा जरूरतों का आकलन करने और परिचालन संबंधी फैसले लेने में मदद मिलने की उम्मीद है।

साइबर और ड्रोन खतरों पर भी रहेगा ध्यान

नई कमान प्रणाली में सुरक्षा का दायरा केवल जवानों की तैनाती और भौतिक सुरक्षा तक सीमित नहीं रहेगा। साइबर हमलों, ड्रोन से उत्पन्न खतरों और औद्योगिक नियंत्रण प्रणालियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

CISF के महानिदेशक के मुताबिक, कार्यात्मक कमान व्यवस्था से विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बेहतर होगा। साथ ही परिचालन संबंधी बाधाएं कम करने, संकट प्रबंधन और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता मजबूत करने में मदद मिलेगी।

भिलाई से होगी देशभर के स्टील प्रतिष्ठानों की निगरानी

भिलाई को स्टील सेक्टर का राष्ट्रीय मुख्यालय बनाए जाने के बाद देशभर के इस्पात प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यों का पर्यवेक्षण और समन्वय यहीं से किया जाएगा। इससे भिलाई को CISF की नई राष्ट्रीय सुरक्षा संरचना में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है और छत्तीसगढ़ की औद्योगिक पहचान को भी एक नया आयाम मिला है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *