खैरागढ़। जिले के घोटिया गांव में झरना फैशन कपड़ा एवं फैंसी दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा कपड़ा और फैंसी सामान जलकर खाक हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस आगजनी में 7 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। घटना से दुकान संचालक झरना भोंडेकर और उनके पति जयकिशन भोंडेकर को बड़ा आर्थिक झटका लगा है।

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, डायल 112 की मदद से बुझी आग
दुकान में आग लगने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। ग्रामीणों ने मोर्चा संभालते हुए डायल 112 की टीम की मदद से आग पर काबू पाया।
हालांकि, आग बुझने तक दुकान में रखा काफी सामान जल चुका था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग से दुकान का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, पुलिस कर रही जांच
दुकान में आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। दुकान संचालक की शिकायत के बाद खैरागढ़ पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस जांच के बाद ही आग लगने के कारण और नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।