November 5, 2026

भोपाल। मध्यप्रदेश में आगामी तीज-त्योहारों और सामाजिक-धार्मिक मेलों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि त्योहारों के दौरान कार्बाइड गन और कार्बाइड लैम्प के इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाई जाए। दीपावली पर पटाखों की अवैध बिक्री और प्रतिबंधित पटाखों के कारोबार पर भी प्रभावी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि किसी जिले में विषम परिस्थिति या अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए संबंधित कलेक्टर और एसपी जिम्मेदार माने जाएंगे। वे बुधवार को मंत्रालय से कलेक्टरों, कमिश्नरों और एसपी-आईजी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक कर रहे थे। बैठक में उन्होंने सरकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा के साथ आगामी त्योहारों की सुरक्षा तैयारियों का भी जायजा लिया।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी, महिलाओं की सुरक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी जिलों के संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए। सामाजिक या सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनने से रोकने के लिए जरूरी प्रतिबंधात्मक और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई पहले से सुनिश्चित की जाए।

दीपावली के दौरान भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने को भी कहा गया है।

पटाखा दुकानों का होगा भौतिक सत्यापन

सीएम ने कहा कि पटाखों की दुकानों को लाइसेंस देते समय सभी निर्धारित शर्तों का कड़ाई से पालन कराया जाए। दुकानों का भौतिक सत्यापन और निरीक्षण भी किया जाए। कहीं भी विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण नहीं होना चाहिए। ऐसा पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।

प्रतिबंधित पटाखों के क्रय-विक्रय, भंडारण और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटाखों के कारोबार पर निगरानी रखते समय छोटे व्यापारियों को अनावश्यक परेशान न किया जाए, लेकिन जन-सुरक्षा से कोई समझौता भी न हो।

कार्बाइड गन और लैम्प पर सख्ती से रोक

मुख्यमंत्री ने कार्बाइड गन और कार्बाइड लैम्प के इस्तेमाल से होने वाली दुर्घटनाओं और संभावित जनहानि को देखते हुए इनके उपयोग पर सख्ती से रोक लगाने को कहा। उन्होंने बताया कि इनसे गंभीर चोट और आग लगने का खतरा रहता है।

कार्बाइड गन क्यों है खतरनाक?

कार्बाइड गन में कैल्शियम कार्बाइड पानी के संपर्क में आने पर एसीटिलीन गैस बनाता है। यह गैस अत्यधिक ज्वलनशील होती है और मामूली चिंगारी से भी विस्फोट कर सकती है। विस्फोट के दौरान प्लास्टिक और धातु के छोटे टुकड़े बाहर निकलकर आंखों, चेहरे और त्वचा को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। गैस के जलने से आग लगने और झुलसने का खतरा भी रहता है।

लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इस संबंध में वर्ष 2025 में एडवाइजरी भी जारी की थी।

अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और अस्पताल रहेंगे अलर्ट

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अग्निशमन वाहन, जरूरी उपकरण और प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध रहें। प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए। नजदीकी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को पहले से अलर्ट रखा जाए तथा चिकित्सकों की ड्यूटी तय की जाए।

शहरों और कस्बों के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों और एसपी को सुरक्षा तैयारियों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करने और सभी विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

त्योहारों में मिलावटखोरी पर भी होगी कार्रवाई

बैठक में मुख्यमंत्री ने त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए सघन अभियान चलाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि नकली या मिलावटी मावा, घी, पनीर और मिठाइयों की बिक्री नहीं होने दी जाए।

विभाग की ओर से बताया गया कि अब तक मिलावटखोरी के मामलों में 17 लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और 42 प्रकरणों में एफआईआर दर्ज की गई है।

सीएम ने खाद्य प्रतिष्ठानों का अधिक से अधिक निरीक्षण करने और मिलावट की आशंका होने पर खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर ही खाद्य सामग्री जब्त की जाए। इसके लिए जिलों में विशेष दल बनाकर लगातार कार्रवाई करने को कहा गया है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नमूने लेने या जब्ती की कार्रवाई के दौरान किसी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। अस्वच्छ स्थानों पर खाद्य पदार्थ बनाने और बेचने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *