November 4, 2026

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अपने गृह जिले उज्जैन के प्रवास के दौरान नवरात्रि पर्व के विभिन्न गरबा आयोजनों में हिस्सा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ पर्व का उत्साह साझा किया और श्री महाकाल महालोक के समीप स्थित दस महाविद्याओं के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री की मौजूदगी से शहर के विभिन्न गरबा पंडालों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

प्रमुख गरबा पंडालों में पहुंचे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के दशहरा मैदान, डालडा फैक्ट्री और सामाजिक न्याय परिसर में आयोजित गरबा महोत्सवों में सहभागिता की। इसके अलावा वे इंजीनियरिंग कॉलेज बायपास स्थित सनातन मंच, ऋषि नगर और सिंधी समाज के गरबा उत्सवों में भी पहुंचे।

विभिन्न पंडालों में मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से मां दुर्गा की आरती की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और आयोजन समितियों को महाअष्टमी, महानवमी और विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं।

10 महाविद्याओं के दर्शन कर लिया आशीर्वाद

गरबा आयोजनों के बाद मुख्यमंत्री जयसिंहपुरा स्थित महाकाल लोक के समीप पहुंचे। यहां उन्होंने मां महाकाली और दस महाविद्याओं के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद भी किया। साथ ही उज्जैन में चल रहे विकास कार्यों को लेकर चर्चा की।

देश की सुरक्षा और सशस्त्र बलों के पराक्रम का किया उल्लेख

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मां जगदंबा भवानी के आशीर्वाद का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज दुश्मनों का डटकर सामना करने और जरूरत पड़ने पर उनके ठिकानों पर कार्रवाई करने में सक्षम है। उन्होंने देश के सशस्त्र बलों के पराक्रम की सराहना की।

महिला सशक्तिकरण और पारिवारिक मूल्यों पर दिया जोर

मक्सी रोड स्थित डालडा मैदान में संस्था ‘अलख उज्जैनी’ के गरबा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि का पर्व बेटियों और परिवार के साथ पारिवारिक माहौल में मनाया जा रहा है। उन्होंने मातृशक्ति और बेटियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार जनहित के कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

उज्जैन के गौरवशाली इतिहास का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने उज्जैन की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि अनादि, अवंतिका, पद्मावती और अमरावती जैसे नामों से प्रसिद्ध इस नगरी का गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि मां के आशीर्वाद से उज्जैन का स्वरूप लगातार निखर रहा है।

इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। डॉ. मोहन यादव ने स्वर्गीय भूरेलाल फिरोजिया की स्मृति में आयोजित ‘डांडिया नी रात’ पारिवारिक गरबा महोत्सव में भी भाग लिया। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विभिन्न गरबा पंडालों में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में उत्साह नजर आया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *