September 14, 2026

सोहागपुर। मध्य प्रदेश के सोहागपुर में शनिवार को CM Rise संदीपनी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा ग्राम सूकरी और चुरका के बीच एक मोड़ पर हुआ। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में सवार किसी भी बच्चे या स्टाफ को गंभीर चोट नहीं आई।

मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटी बस

जानकारी के अनुसार बस क्रमांक MP 04 PA 2430 आसपास के गांवों से विद्यार्थियों को लेने के लिए जंगल क्षेत्र की ओर गई थी। सूकरी और चुरका गांव के बीच मोड़ पर अचानक बस अनियंत्रित हो गई और एक पलटी खाते हुए सड़क किनारे तिरछी होकर रुक गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बस की रफ्तार तेज थी, जिसके चलते चालक मोड़ पर नियंत्रण नहीं रख सका। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तेज रफ्तार की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

हादसे के समय बस में 4 विद्यार्थी, ड्राइवर और एक महिला कंडक्टर सवार थे।

डायल-112 की टीम ने बच्चों को निकाला बाहर

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बस में फंसे बच्चों और स्कूल स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को सोहागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार विद्यार्थियों समेत ड्राइवर और कंडक्टर को मामूली चोटें आई हैं और सभी सुरक्षित हैं।

बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज

सोहागपुर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में चार विद्यार्थियों सहित ड्राइवर और कंडक्टर को मामूली चोटें आई हैं। मामले में बस चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि बस किस वजह से अनियंत्रित होकर पलटी और हादसे के लिए कौन से कारण जिम्मेदार रहे।

राहत की बात, टला बड़ा हादसा

बस में बच्चों के सवार होने के कारण हादसा गंभीर हो सकता था, लेकिन समय रहते राहत एवं पुलिस टीम की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *