November 5, 2026

ग्वालियर: जीआरएमसी (GRMC) के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ पर हुए हमले को लेकर ओबीसी महासभा ने विरोध जताया है। महासभा के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने बाल भवन से एसपी ऑफिस तक पैदल मार्च निकाला और मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। प्रदर्शन के बाद महासभा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।

विजय कुमार ने आशंका जताई कि डीन पर हमले के पीछे कोई बड़ी साजिश भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी अस्पताल दौरे पर थे। ऐसे में मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की भी जांच होनी चाहिए। हालांकि, मुख्यमंत्री को निशाना बनाए जाने की आशंका महासभा की ओर से जताई गई है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

मुख्यमंत्री के JAH दौरे के बाद डीन पर हुआ था हमला

दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जयारोग्य अस्पताल (JAH) दौरे के दौरान पीड़ितों से मुलाकात के बाद डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ पर हमले का मामला सामने आया था। इस घटना को गंभीर बताते हुए ओबीसी महासभा ने पुलिस से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

महासभा का कहना है कि घटना से किरार-धाकड़ समाज सहित ओबीसी वर्ग में आक्रोश और असुरक्षा की भावना है। विजय कुमार ने आरोप लगाया कि डीन के साथ मारपीट की गई और मामले के सभी पहलुओं की जांच जरूरी है।

आरोपी का नार्को टेस्ट और मोबाइल की CDR जांच की मांग

पुलिस को सौंपे गए ज्ञापन में महासभा ने आरोपी मनोज शर्मा का नार्को टेस्ट कराने की मांग की है। इसके अलावा आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने की मांग भी रखी गई है।

महासभा ने कहा कि यदि जांच में हमले के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसकी पहचान कर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

डीन और चिकित्सकों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

ओबीसी महासभा ने डीन डॉ. धाकड़ सहित अन्य चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। संगठन का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में हुई संभावित चूक की भी जांच की जानी चाहिए।

विजय कुमार ने कहा कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच से ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता चल सकेगा। महासभा ने पुलिस से ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *