November 11, 2026

भोपाल। राजधानी के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) में देर शाम आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। वर्मा ट्रैवल्स की बसों में अचानक आग भड़क उठी। इस दौरान बसों में रुक-रुककर धमाके भी होते रहे। सूचना मिलते ही करीब 10 से 12 टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

मौके पर खड़ी थीं 50 से ज्यादा बसें

ISBT में हर समय बड़ी संख्या में बसों की आवाजाही और पार्किंग रहती है। हादसे के समय परिसर में 50 से अधिक बसें मौजूद थीं। आग फैलने की आशंका को देखते हुए आसपास खड़ी अन्य बसों को तत्काल वहां से हटाया गया।

गनीमत रही कि आग लगने के समय संबंधित बसों में कोई यात्री मौजूद नहीं था। इससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

आठ बसें जलकर खाक, करोड़ों के नुकसान का अनुमान

वर्मा ट्रैवल्स के मालिक दीपक वर्मा के मुताबिक, शुरुआत में दो से तीन बसों में आग लगी थी। इसके बाद आग फैलने से उनकी करीब आठ बसें जलकर खाक हो गईं। उन्होंने नुकसान का अनुमान चार से पांच करोड़ रुपये बताया है।

दीपक वर्मा ने कहा कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है। जली हुई बसें गुजरात, अहमदाबाद, सूरत सहित कई रूटों पर संचालित होती थीं। हादसे के बाद इन बसों में जिन यात्रियों ने टिकट बुक कराए थे, उनकी बुकिंग रद्द करनी पड़ी।

आग लगने के कारणों की जांच

फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। गोविंदपुरा एसीपी अदिति भावसार ने बताया कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे। आग कैसे लगी और इसकी शुरुआत किस वजह से हुई, इसकी जांच की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *