September 16, 2026

खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के टांडाबरुड़ कस्बे में कथित फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। बस स्टैंड स्थित एक होटल से रबड़ी खाने के बाद करीब 20 से 25 लोगों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। अचानक बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से इलाके में हड़कंप मच गया।

होटल की रबड़ी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

मिली जानकारी के अनुसार, टांडाबरुड़ बस स्टैंड स्थित पवन कैलाश श्रीवास की होटल से लोगों ने रबड़ी खरीदी थी। रबड़ी खाने के कुछ समय बाद लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी।

एक साथ कई लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों में भी चिंता बढ़ गई। बताया जा रहा है कि बीमार लोगों की संख्या करीब 25 तक पहुंच गई।

करीब 15 मरीज अस्पताल पहुंचे

तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन करीब 15 मरीजों को खरगोन जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में लेकर पहुंचे। वहीं, कुछ मरीजों का उपचार टांडाबरुड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरीजों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। वहीं, बरुड़ पुलिस ने संबंधित होटल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा खाद्य सामग्री के सैंपल लिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सैंपल की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रबड़ी या किसी अन्य खाद्य सामग्री के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ी थी या नहीं।

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *