मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। इसी बीच पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने 21 अक्टूबर को राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। कुछ स्थानों पर तेज झोंकों के साथ हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
इन जिलों में बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी
मौसम विभाग के भोपाल केंद्र के मुताबिक, पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, शाजापुर, इंदौर, उज्जैन, देवास, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा और छिंदवाड़ा में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
23 अक्टूबर तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 23 अक्टूबर तक बारिश का असर देखने को मिल सकता है। वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश में 21 अक्टूबर तक ही बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। इसके बाद मौसम साफ होने का अनुमान है।
अगले पांच दिनों में 2 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
बारिश और खराब मौसम के चलते प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।
आंधी-तूफान के दौरान बरतें सावधानी
मौसम विभाग ने नागरिकों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। आंधी और बिजली चमकने के समय पेड़ों तथा बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। खुले मैदानों में जाने से भी परहेज करें।