धार। मध्यप्रदेश के धार जिले के बदनावर क्षेत्र में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानवन थाना क्षेत्र में इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर होटल नींबू मिर्ची के सामने तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और खाई में पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

इंदौर से सांवलिया जी दर्शन करने जा रहे थे युवक
जानकारी के मुताबिक, कार क्रमांक MP 42 ZF 3109 में सवार सभी युवक इंदौर से राजस्थान स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सांवलिया जी के दर्शन करने जा रहे थे। रात करीब 12 बजे कानवन के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चला रहे अंकुर को नींद की झपकी आ गई थी। इसके बाद तेज रफ्तार कार सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराते हुए खाई में पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ भी उखड़ गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार काटकर बाहर निकाले गए मृतक और घायल
हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। ड्राइवर अंकुर अपनी सीट पर बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलते ही डायल 112, 108 एंबुलेंस और टोल प्लाजा की एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची।
राहत दल ने काफी मशक्कत के बाद कार के हिस्सों को काटकर मृतकों और घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान:
- अंकुर (30 वर्ष) – कार चालक
- रोहित कुमार (32 वर्ष) – निवासी शाजापुर
वहीं, गंभीर रूप से घायल युवकों की पहचान मिथिलेश (पिता अमर बहादुर, निवासी भागीरथपुरा, इंदौर), मोहित (पिता हरिनारायण पंवार, इंदौर), दिगक्षेण कुमार (इंदौर) और हिमांशु (पिता ज्ञानेश्वर, इंदौर) के रूप में हुई है।
प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर
हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया।
रविवार दोपहर परिजनों के बदनावर पहुंचने के बाद कानवन पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया और उन्हें परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।