भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी के 15 सितंबर 2026 को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विवाद शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कार्यक्रम का विरोध करते हुए प्रशासन से इसकी अनुमति तत्काल रद्द करने की मांग की है।

माहौल बिगड़ने की आशंका, कमेटी ने जताई आपत्ति
मुस्लिम त्योहार कमेटी का कहना है कि भोपाल की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए ओवैसी के कार्यक्रम की अनुमति वापस ली जानी चाहिए। कमेटी ने दावा किया कि ओवैसी के बयानों से धार्मिक भावनाएं आहत होने और शहर का माहौल खराब होने की आशंका है।
कमेटी ने उस स्थान को लेकर भी सवाल उठाए हैं, जहां कार्यक्रम प्रस्तावित है। उसके मुताबिक सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में इस समय गणेशोत्सव के तहत कई धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हो रहे हैं। ऐसे में कमेटी ने प्रशासन से कानून-व्यवस्था और आपसी सौहार्द को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
टी. राजा सिंह के कार्यक्रम का दिया उदाहरण
कमेटी ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विधायक टी. राजा सिंह के कार्यक्रम का हवाला दिया है। कमेटी का कहना है कि यदि कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए टी. राजा सिंह के कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी गई थी, तो इसी आधार पर ओवैसी के कार्यक्रम की अनुमति भी रद्द की जानी चाहिए।
कमेटी के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मुलाकात कर 15 सितंबर के प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति वापस लेने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि यह कदम शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिहाज से जरूरी है।
प्रशासन के फैसले पर टिकी नजर
फिलहाल कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से अनुमति रद्द किए जाने संबंधी कोई निर्णय सामने नहीं आया है। अब नजर इस बात पर है कि प्रशासन कमेटी की मांग पर क्या रुख अपनाता है और 15 सितंबर को प्रस्तावित ओवैसी के कार्यक्रम के लिए क्या व्यवस्था तय की जाती है।