भोपाल। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश से खाली हुई राज्यसभा सीट पर उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन प्रक्रिया का आज दूसरा दिन है। उम्मीदवार 2 नवंबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इस सीट के लिए मध्य प्रदेश बीजेपी ने संभावित दावेदारों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजने की तैयारी की है। इसमें सवर्ण, दलित और आदिवासी वर्ग के नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

तीन वर्गों से इन नेताओं के नाम चर्चा में
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी प्रदेश संगठन की ओर से तैयार किए जा रहे संभावित पैनल में अलग-अलग सामाजिक वर्गों के नेताओं को जगह दी गई है।
- दलित वर्ग: पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य।
- सवर्ण वर्ग: पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया।
- आदिवासी वर्ग: सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, पूर्व मंत्री रंजना बघेल और अमर सिंह।
इन नामों को लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, पार्टी इनमें से किसी नेता को उम्मीदवार बना सकती है या अंतिम समय में किसी नए चेहरे को मौका दे सकती है।
केंद्रीय नेतृत्व के हाथ में अंतिम फैसला
राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला बीजेपी का केंद्रीय संसदीय बोर्ड करेगा। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, प्रदेश संगठन की ओर से भेजे जाने वाले पैनल के अलावा केंद्रीय नेतृत्व किसी दूसरे राज्य के नेता या राष्ट्रीय स्तर के किसी प्रमुख चेहरे को भी मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजने का निर्णय ले सकता है।
नामांकन की अंतिम तारीख 2 नवंबर है। ऐसे में पार्टी जल्द ही अपने आधिकारिक उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकती है।
संख्या बल में बीजेपी मजबूत
विधानसभा में संख्या बल के लिहाज से बीजेपी की स्थिति इस सीट पर मजबूत मानी जा रही है। इसी वजह से पार्टी उम्मीदवार की जीत लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि, निर्विरोध निर्वाचन तभी संभव होगा, जब अन्य कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं उतरता या नामांकन प्रक्रिया के बाद मुकाबले की स्थिति नहीं बनती।