November 18, 2026

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी स्थित शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विधि संकाय में एक साथ छह शिक्षकों के स्थानांतरण से LLB के छात्र-छात्राओं में नाराजगी है। सभी शिक्षकों का तबादला कुरूद के नवीन महाविद्यालय में किया गया है। इस फैसले से पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका जताते हुए विद्यार्थियों ने महापौर रामू रोहरा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और स्थानांतरण आदेश पर रोक लगाने की मांग की।

एक साथ छह शिक्षकों का हुआ स्थानांतरण

जानकारी के मुताबिक, जिला कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के तहत शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विधि संकाय में अध्यापन करने वाले छह शिक्षकों को कुरूद के नवीन महाविद्यालय में स्थानांतरित किया गया है। एक साथ सभी शिक्षकों के तबादले से विधि संकाय के विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है।

छात्रों को पढ़ाई और परीक्षा प्रभावित होने की आशंका

विद्यार्थियों का कहना है कि कॉलेज में यही छह शिक्षक नियमित रूप से कक्षाएं लेते हैं। ऐसे में सभी का एक साथ स्थानांतरण होने से उनकी पढ़ाई अधूरी रह सकती है। साथ ही आगामी परीक्षाओं की तैयारी में भी परेशानी हो सकती है।

इसी चिंता को लेकर बड़ी संख्या में LLB के छात्र-छात्राएं नगर निगम पहुंचे और महापौर को ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों ने मांग की कि शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश पर तत्काल रोक लगाई जाए और कुरूद के नवीन महाविद्यालय के लिए अलग से शिक्षकों की भर्ती की जाए।

महापौर ने कलेक्टर से चर्चा का दिया आश्वासन

महापौर रामू रोहरा ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि वे इस मामले में धमतरी कलेक्टर से बात करेंगे और समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। उन्होंने स्थानांतरण आदेश पर रोक लगाने के लिए भी प्रयास करने की बात कही।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *