September 16, 2026

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के कार्यक्रमों को लेकर कांग्रेस के सरकारीकरण के आरोप पर छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसका काम ही कुछ न कुछ राग अलापना है। नेताम ने कहा कि कांग्रेस को प्रधानमंत्री पद की गरिमा को समझना चाहिए।

PM मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान

रामविचार नेताम ने कहा कि नरेंद्र मोदी विशेष पद पर रहते हुए पिछले 25 वर्षों से देश और प्रदेश की सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए आम लोगों तक पहुंचने और उन्हें सेवा गतिविधियों से जोड़ने का काम किया जा रहा है। अभियान में सभी का सहयोग लिया जा रहा है और आमजन को भी इसमें सहभागी बनाया जा रहा है।

कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर साधा निशाना

15 सितंबर से अंबिकापुर में होने वाले कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को लेकर भी कृषि मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा।

रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम पहले भी आयोजित करती रही है, लेकिन पार्टी में किस तरह का प्रशिक्षण चल रहा है, यह समय-समय पर सामने आता रहता है। उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के भीतर “जूतमपैजार” की स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने दावा किया कि देश और प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को राजनीतिक रूप से नीचे धकेल दिया है और अब पार्टी के लिए इससे उबरना मुश्किल है। नेताम के मुताबिक, कांग्रेस ऐसे अभियानों के जरिए अपना जनाधार बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन इसमें वह सफल नहीं होगी।

नए प्रदेश प्रभारी के दौरे पर कसा तंज

कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी के आगामी छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी रामविचार नेताम ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में इससे पहले भी कई “सुरमावीर” आते रहे हैं और उनका क्या हुआ, यह सभी ने देखा है।

उन्होंने कहा कि किसी नए नेता के आने मात्र से कांग्रेस की स्थिति बदलने वाली नहीं है। नेताम ने दावा किया कि कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन या नए प्रभारी की नियुक्ति से पार्टी को कोई विशेष फायदा नहीं होगा।

BJP के रैप वीडियो को लेकर भी कांग्रेस पर हमला

भाजपा की ओर से कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए जारी किए गए रैप वीडियो पर भी रामविचार नेताम ने प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल ने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया गया। नेताम ने पिछली कांग्रेस सरकार की योजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अब इन्हीं मुद्दों को जनता के सामने रख रही है।

रामविचार नेताम के इन बयानों के बाद प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन कार्यक्रमों के आयोजन और कांग्रेस के संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *