रायपुर। छत्तीसगढ़ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से पहले सियासत तेज हो गई है। उनके प्रवास पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया है। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के बयान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनकी बातों में अब कोई दम नहीं रह गया है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और पूरा विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है।

राहुल गांधी के बयान पर किया पलटवार
दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान राहुल गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेशी ताकतों के जरिए प्रधानमंत्री बनाए जाने की बात कही थी।
सीएम साय ने कहा कि राहुल गांधी की बातों में अब कोई दम नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचता, तो वह इस तरह की बातें करके देश की जनता को भड़काने का प्रयास करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता सब जानती है और अब ऐसी बातों में आने वाली नहीं है।
अमित शाह के दौरे पर कांग्रेस को दिया जवाब
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर भी मुख्यमंत्री ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस तरह के सवाल पूछने का अधिकार नहीं है।
सीएम साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ाई नहीं लड़ी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के असहयोगात्मक रवैये के कारण छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद लंबे समय तक पनपता रहा।
दिल्ली दौरे में रिन्यूएबल एनर्जी एक्सपो में हुए शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वे भारत मंडपम में आयोजित इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी एक्सपो 2026 में शामिल हुए थे। वहां ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों और आधुनिक तकनीकों पर चर्चा हुई।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ भी इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रदेश में कुल ऊर्जा खपत का 15 प्रतिशत हिस्सा रिन्यूएबल एनर्जी से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि राजनांदगांव जिले के खैरा गांव के सभी घरों में सोलर पैनल लगाए गए हैं। उन्होंने इसे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।
ग्रीन एनर्जी में निवेश से विकास को गति देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में बड़े निवेश के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में 1 लाख 33 हजार करोड़ रुपये के निवेश से संबंधित कार्यों और करीब 5 लाख 60 हजार करोड़ रुपये के कार्यों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार से प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और विकास की नई संभावनाएं बनेंगी।