कोरिया जिले के बैकुंठपुर में पूजा पैकरा आत्महत्या मामले में न्याय की मांग तेज हो गई है। रविवार को सर्व आदिवासी समाज के नेतृत्व में सामाजिक संगठनों, परिजनों और स्थानीय लोगों ने विशाल रैली निकालकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर लेकर एसपी कार्यालय का घेराव करने निकले, लेकिन रास्ते में तैनात पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद कुमार चौक पर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए पूजा पैकरा के लिए न्याय की मांग की। रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया।

परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आईसी मार्ट के संचालक की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर पूजा पैकरा ने 8 जुलाई की दोपहर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी विनोद वैद्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन दो अन्य नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
प्रदर्शन के बाद कोरिया पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपकर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई। सर्व आदिवासी समाज और परिजनों ने दोषियों को कठोरतम सजा देने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन शुरू करेंगे।