November 25, 2026

श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर में 19 महीने के चीते KNG-22 की गोली मारकर हत्या के मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी बंदूक भी बरामद कर ली गई है। एसटीएफ ने प्रेस नोट जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी है।

डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपियों तक पहुंची STF

एसटीएफ ने मामले में मुख्य आरोपी भगवान सिंह और उसके भाई प्रीतम सिंह को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी भगवान सिंह नवलपुरा-बेहरारा, पहाड़गढ़ का निवासी बताया गया है।

घटना की जांच के लिए एसटीएफ ने आधुनिक तकनीक और डॉग स्क्वॉड की मदद से घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। जांच के दौरान जुटाए गए सुरागों के आधार पर टीम आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर शिकार में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी दो नाली टोपीदार बंदूक बरामद की गई।

24 अक्टूबर को नितनवास के जंगल में मारी गई थी गोली

जांच के मुताबिक, 24 अक्टूबर को नितनवास के जंगल में 19 महीने के चीते KNG-22 को गोली मारी गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद वन विभाग और एसटीएफ ने जांच शुरू की थी।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस

एसटीएफ ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9 और 51 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *