November 19, 2026

रायपुर। राजधानी के लक्ष्मी नगर स्थित SK केयर हॉस्पिटल पर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत गंभीर अनियमितताओं के आरोपों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं और छत्तीसगढ़ राज्य नोडल एजेंसी ने अस्पताल का पंजीयन एक वर्ष के लिए निरस्त कर दिया है। इस अवधि में अस्पताल आयुष्मान योजना के तहत नए मरीजों को भर्ती नहीं कर सकेगा। साथ ही परिसर से योजना से संबंधित सभी प्रचार सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

औचक निरीक्षण में सामने आईं कई अनियमितताएं

राज्य स्तरीय जांच दल ने 30 सितंबर 2026 को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। जांच में आयुष्मान योजना के तहत भर्ती मरीजों से दवाइयों और अन्य चिकित्सा सामग्रियों के लिए अलग से नकद राशि वसूलने की बात सामने आई। शशि नायक और पुष्पा पटेल के मामलों में इसकी पुष्टि होने का उल्लेख जांच रिपोर्ट में किया गया है।

जांच में यह भी पाया गया कि अस्पताल के एम्पेनमेंट में 22 चिकित्सकों के नाम दर्ज थे, जबकि निरीक्षण के दौरान केवल तीन एमबीबीएस डॉक्टर ही मौजूद मिले।

इसके अलावा एक्यूट किडनी इंजरी (AKI), एक्यूट गैस्ट्रोएंटेराइटिस और निमोनिया जैसे मामलों में अधिक महंगे पैकेज बुक किए जाने की बात सामने आई। डिस्चार्ज मरीजों की टीएमएस में अपलोड फाइलों का फार्मेसी और लैब रिकॉर्ड से मिलान करने पर संबंधित दवाइयों और जांचों के दस्तावेज भी नहीं मिले।

फिस्टुला के मरीज के नाम पर निमोनिया का पैकेज बुक करने का आरोप

जांच में एक लाभार्थी ने बताया कि वह एजेंट निर्मल यादव के माध्यम से अस्पताल पहुंचा था और उसने अतिरिक्त राशि भी दी थी। मरीज को फिस्टुला का इलाज कराना था, लेकिन आरोप है कि उसके नाम पर आयुष्मान योजना में निमोनिया का पैकेज बुक कर दस्तावेज तैयार किए गए।

अस्पताल के जवाब को जांच एजेंसी ने नहीं माना संतोषजनक

11 अक्टूबर 2026 को अस्पताल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके जवाब में अस्पताल ने 14 अक्टूबर को ई-मेल के माध्यम से अपना स्पष्टीकरण दिया। अस्पताल ने दावा किया कि मरीजों का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया जाता है, डॉक्टर उपलब्ध रहते हैं और बीमारी के अनुसार ही पैकेज बुक किए जाते हैं। रिकॉर्ड में गड़बड़ी के लिए सॉफ्टवेयर अपडेट को जिम्मेदार बताया गया।

फिस्टुला के मामले में अस्पताल ने कहा कि मरीज का निमोनिया का इलाज योजना के तहत किया गया था, जबकि फिस्टुला का इलाज अलग से किया गया, क्योंकि योजना में उसके लिए पैकेज उपलब्ध नहीं था।

हालांकि, जांच एजेंसी ने अस्पताल के जवाब को तथ्यात्मक और संतोषजनक नहीं माना। मरीजों के बयान, मेडिकल फाइलों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अतिरिक्त नकद वसूली, एजेंटों के जरिए मरीज लाने और योजना के कथित दुरुपयोग की पुष्टि होने की बात कही गई।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के दिशानिर्देशों के तहत कार्रवाई

स्वास्थ्य विभाग ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के जुलाई 2026 के दिशानिर्देशों की कंडिका 6.4.1 के तहत अस्पताल का पंजीयन एक साल के लिए निरस्त किया है।

विभाग के अनुसार, आयुष्मान भारत और शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना का उद्देश्य गरीब एवं कमजोर वर्गों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराना है। योजना में अनियमितता और लाभार्थियों से अतिरिक्त राशि वसूलने जैसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लाभार्थियों से अपील की गई है कि यदि अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत इलाज के दौरान अतिरिक्त शुल्क मांगा जाता है, तो इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से करें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *