अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में अग्रवाल समाज के अग्र महाकुंभ 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। शहर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अग्रवाल समाज के लिए बड़ी घोषणा करते हुए अग्रसेन जयंती पर एक दिवसीय सरकारी अवकाश घोषित किया।

अग्रवाल समाज की ओर से अंबिकापुर में 18वां प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसी आयोजन के तहत अग्र महाकुंभ 2026 का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वागत किया।
भगवान अग्रसेन का किया पूजन
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान अग्रसेन के पूजन और उनके आदर्शों के स्मरण के साथ हुई। इस दौरान समाज के लोगों ने सामाजिक और सामुदायिक हित से जुड़े विभिन्न विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री साय ने अग्रवाल समाज को अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं दीं।
अग्रसेन जयंती पर एक दिन की छुट्टी की घोषणा
अग्र महाकुंभ के मंच से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्रवाल समाज के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने अग्रसेन जयंती के अवसर पर एक दिवसीय सरकारी अवकाश देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद अग्रवाल समाज के लोगों में उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान सामाजिक एकजुटता, समाज सेवा और आने वाली पीढ़ी के विकास सहित समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान
18वें प्रांतीय अधिवेशन और दशम अग्र अलंकरण समारोह के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जा रहा है। अग्र महाकुंभ में बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के लोग शामिल हुए हैं।
अग्रवाल समाज अध्यक्ष संजय मित्तल ने जताया आभार
अग्रवाल समाज के अध्यक्ष संजय मित्तल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया। उन्होंने बताया कि अग्र महाकुंभ में समाज के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय अग्र महाकुंभ में विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से व्यापार के प्रचार-प्रसार और उसे बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
अग्रवाल सभा अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने दिया धन्यवाद
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के लिए पूरे अग्रवाल समाज की ओर से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एवं राज्य शासन की यह घोषणा छत्तीसगढ़ में अग्रवाल समाज के योगदान, समर्पण और सामाजिक भूमिका के प्रति सम्मान की भावना को दर्शाती है।
विजय अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को सम्मान देते हुए अग्रसेन जयंती के अवसर पर सरकारी अवकाश की घोषणा समाज के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का अग्रवाल समाज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इस घोषणा के लिए सदैव आभारी रहेगा।
“घोषणा से समाज में हर्ष की लहर”- योगेश अग्रवाल
प्रचार-प्रसार मंत्री योगेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा से पूरे अग्रवाल समाज में हर्ष और उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय समाज के लिए भावनात्मक रूप से भी महत्वपूर्ण है। इससे नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन के विचारों, सिद्धांतों और सामाजिक योगदान के बारे में जानने तथा उनसे जुड़ने का अवसर मिलेगा।