सरगुजा। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा प्रवास के दौरान प्रतापपुर-अंबिकापुर खड़गवां मार्ग पर महान नदी पुल का औचक निरीक्षण किया। पुल पर सड़क की खराब स्थिति देखकर वे नाराज हो गए और अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए और स्पष्ट कहा कि अधिकारियों को एसी कमरों से निकलकर मैदान में काम करना होगा।

पुल की बदहाल स्थिति पर अधिकारियों से जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान पुल पर सड़क की स्थिति देखकर अरुण साव ने अधिकारियों से सवाल किया कि क्या अब उन्हें खुद एक-एक पुल और सड़क का निरीक्षण करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग पर स्थित इतने बड़े पुल की ऐसी दुर्दशा गंभीर चिंता का विषय है।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क की खराब स्थिति से दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अधिकारी किसी हादसे का इंतजार कर रहे हैं।
‘क्या मुझे एक-एक ब्रिज और सड़क देखने आना पड़ेगा?’
अरुण साव ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़क और पुलों की मरम्मत के लिए स्वीकृति या अन्य प्रक्रियाओं में कोई समस्या नहीं होने के बावजूद ऐसी स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बार-बार निर्देश दिए जाने के बाद भी सुधार नहीं होने पर सवाल उठाए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्य मार्ग के पुल की स्थिति ऐसी नहीं होनी चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों को समय रहते जरूरी कदम उठाने चाहिए।
तत्काल मरम्मत के दिए निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने महान नदी पुल पर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि मौके पर जाकर निर्माण और मरम्मत कार्यों की स्थिति देखें।
एसी कमरों से निकलकर मैदान में उतरें अधिकारी
अरुण साव ने सरगुजा के अधिकारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि उन्हें जिम्मेदारी के साथ मैदानी स्तर पर काम करना होगा। उन्होंने दोहराया कि सड़कों और पुलों की खराब स्थिति को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई जरूरी है।