शहडोल। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे बिलासपुर निवासी एक युवक को कथित तौर पर शराब पार्टी का लालच देकर सुनसान जगह ले जाया गया, जहां उसका आईफोन और 22 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। कोतवाली पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया मोबाइल और पूरी नकदी बरामद करने का दावा किया है।

स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था युवक
पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बेलगहना थाना क्षेत्र का निवासी विकास ट्रेन से शहडोल पहुंचा था। रात में घर जाने का साधन नहीं मिलने पर वह रेलवे स्टेशन पर ही रुका था। इसी दौरान शहडोल निवासी विकास लोधी, राज जायसवाल और सागर बर्मन उससे मिले।
आरोप है कि आरोपियों ने युवक के पास महंगा आईफोन देखकर उसे बहाने से अपने साथ लिया और शराब पिलाने के बाद रेलवे स्टेशन कॉलोनी के एक सुनसान स्थान पर ले गए।
आईफोन और 22 हजार रुपये बरामद
पुलिस के अनुसार, सुनसान जगह पर युवक का आईफोन और 22 हजार रुपये नकद चोरी कर आरोपी वहां से चले गए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कोतवाली प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी गया आईफोन और पूरी 22 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेजा गया है।