देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले के बागली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कांटाफोड़ वन परिक्षेत्र में शनिवार को एक चीते का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। चीते का शव कांटाफोड़ वन मंडल की बैरागड़ा बीट में मिला। जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

DFO अमित सिंह की मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम
बैरागड़ा बीट में मिले चीते के शव का पोस्टमार्टम DFO अमित सिंह की सीधी मौजूदगी में विशेषज्ञों की टीम ने किया। इस दौरान SDO विकास मोहरे और रेंजर पायल शर्मा सहित वन विभाग का पूरा अमला मौके पर मौजूद रहा।
पोस्टमार्टम के जरिए चीते की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया गया है। हालांकि, फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, चीते की मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल वन विभाग की टीम आसपास के जंगलों में सर्चिंग अभियान चला रही है।
अधिकारी मौत से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की बारीकी से जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चीते की मौत किन परिस्थितियों में हुई।