जिले में गणेश उत्सव की धूम के बीच चोरी की वारदातों ने आयोजकों और श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। शहर के अलग-अलग चार गणेश पंडालों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। खास बात यह है कि सभी मामले कोतवाली थाना क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।

गणेश उत्सव के चलते शहर में जगह-जगह भव्य पंडाल सजाए गए हैं और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। इसी बीच पंडालों में चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
लालबगीचा के पंडाल से दान पेटी और पूजा सामग्री चोरी
पहली घटना लालबगीचा वार्ड स्थित गणेश पंडाल की बताई जा रही है। यहां चोर दान पेटी ले गए। इसके अलावा पूजा के लिए रखे फूल और कांच की थाली भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
बम्बलई वार्ड में तांबे का लोटा समेत सामान गायब
दूसरी वारदात बम्बलई वार्ड के गणेश पंडाल में हुई। यहां से तांबे के लोटे सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री चोरी होने की बात सामने आई है।
बालक चौक के पंडाल में भी चोरी
तीसरी घटना बालक चौक पीढ़ी नाला के पास स्थित गणेश पंडाल में सामने आई है। यहां भी पूजा सामग्री चोरी होने की जानकारी मिली है। आयोजकों के मुताबिक, जिस समय श्रद्धालु पंडाल में पूजा-अर्चना कर रहे थे, उसी दौरान चोरी की घटना सामने आई।
चौथी घटना भी कोतवाली थाना क्षेत्र के एक अन्य गणेश पंडाल में होने की जानकारी है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद गणेश उत्सव समितियों में चिंता का माहौल है।
पंडालों की सुरक्षा को लेकर आयोजकों में चिंता
चोरी की घटनाओं के बाद गणेश उत्सव समितियों से जुड़े कार्यकर्ताओं में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। आयोजनकर्ता दिन-रात पंडालों की व्यवस्था और भगवान गणेश की सेवा में जुटे हुए हैं। ऐसे में लगातार चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस की ओर से मामलों की जांच और आरोपियों की पहचान के लिए कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। अब आयोजकों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंचेगी।