रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में मंगलवार को एक सौहार्दपूर्ण मुलाकात देखने को मिली। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज और प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदु ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से उनके रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित निवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं ने किरण सिंह देव के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनकी कुशलक्षेम जानी।

मुलाकात के दौरान दीपक बैज ने राजनीतिक मतभेदों के बीच व्यक्तिगत संबंधों और आपसी सौहार्द की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए।
सड़क हादसे के बाद दिल्ली में हुआ था इलाज
बता दें कि 29 जुलाई को किरण सिंह देव परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में झांसी-ललितपुर नेशनल हाईवे-44 पर उनकी इनोवा कार आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई थी।
हादसे में किरण सिंह देव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया, जहां मेदांता अस्पताल में उनका ऑपरेशन किया गया।
23 सितंबर को छत्तीसगढ़ लौटे किरण सिंह देव
सड़क हादसे के बाद किरण सिंह देव का इलाज दिल्ली में ही चल रहा था। उपचार पूरा होने के बाद 23 सितंबर को वे वापस छत्तीसगढ़ लौटे। इसके बाद मंगलवार को दीपक बैज और मलकीत सिंह गेंदु ने उनके निवास पहुंचकर स्वास्थ्य की जानकारी ली।
राजनीतिक रूप से कांग्रेस और भाजपा के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप के बीच हुई इस मुलाकात को दोनों दलों के नेताओं के बीच व्यक्तिगत सौहार्द की तस्वीर के तौर पर देखा जा रहा है।
राजनीति में मतभेद, लेकिन मनभेद नहीं
दीपक बैज का यह बयान राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और व्यक्तिगत संबंधों के बीच अंतर को रेखांकित करता है। उन्होंने मुलाकात के दौरान यह संदेश दिया कि राजनीतिक विचारधाराओं और मुद्दों पर मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर आपसी सम्मान और संबंध बनाए रखना जरूरी है।