रायपुर। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में अपने अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। भिलाई-चरौदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे को छत्तीसगढ़ कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
पार्टी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अनुमति के बाद राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किया है।

निर्मल कोसरे को मिली बड़ी जिम्मेदारी
निर्मल कोसरे अब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अनुसूचित जाति वर्ग के बीच अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने पर जोर दे रही है।
कोसरे वर्तमान में भिलाई-चरौदा नगर निगम के महापौर हैं। नई जिम्मेदारी के साथ अब उनके सामने प्रदेशभर में अनुसूचित जाति विभाग के संगठनात्मक कामकाज को मजबूत करने की चुनौती होगी।
झारखंड में प्रशांत किशोर को जिम्मेदारी
कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के साथ-साथ झारखंड अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष की भी नियुक्ति की है। पार्टी ने प्रशांत किशोर को झारखंड SC विभाग का अध्यक्ष बनाया है।
दोनों नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी आदेश में इसकी जानकारी दी गई है।