November 6, 2026

बालोद। जिले में 22 वर्षीय युवती पर एसिड अटैक के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया। आरोपियों को दल्लीराजहरा चौक से कोर्ट तक पैदल ले जाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग और छात्र-छात्राएं मौके पर जुट गए और आरोपियों के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। भीड़ में शामिल छात्रों ने दोनों आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर नारेबाजी की।

कोर्ट ले जाने से पहले कराया गया मुंडन

न्यायालय में पेशी से पहले पुलिस ने दोनों आरोपियों का मुंडन कराया। इसके बाद भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें पैदल कोर्ट परिसर तक ले जाया गया। जैसे ही आरोपी घड़ी चौक के पास पहुंचे, वहां मौजूद लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया।

छात्र-छात्राओं सहित मौके पर जुटे लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जाहिर की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

छावनी में तब्दील रहा कोर्ट परिसर

दोनों आरोपियों की पेशी के दौरान न्यायालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए आरोपियों को सुरक्षित तरीके से न्यायालय के भीतर पहुंचाया।

पेशी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हेलमेट पहनाकर कड़ी सुरक्षा के बीच बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें जेल दाखिल कराने के लिए ले जाया गया। पुलिस को आशंका थी कि आक्रोशित भीड़ आरोपियों पर हमला कर सकती है, इसलिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

पुलिसकर्मी की बेटी पर हुआ था एसिड अटैक

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को बालोद शहर में एक पुलिसकर्मी की 22 वर्षीय बेटी पर एसिड अटैक किया गया था। युवती पढ़ाई के बाद लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तभी उस पर एसिड फेंक दिया गया।

मामले की जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में वारदात के पीछे युवती से जुड़ा कथित प्रेम प्रसंग और साजिश सामने आई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *