CCPL सीजन-3: बिलासपुर बुल्स ने पहली बार जीता खिताब, रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराया
छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग सीजन-3 फाइनल का रोमांचक फाइनल मुकाबला रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराकर पहली बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

रायगढ़ लायंस ने बनाए 160 रन
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बिलासपुर बुल्स ने रायगढ़ लायंस को निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 160 रन तक सीमित रखा। रायगढ़ की ओर से नयन राजकुमार चौहान ने 41 रन, संगीत सोनी ने 32 रन और दीपक यादव ने नाबाद 22 रन बनाए।
बिलासपुर के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया। भारत गोंडवानी ने 3 विकेट झटके, जबकि वरुण सिंह भूई और मोहित राउत ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
16.3 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स की शुरुआत मजबूत रही। टीम ने 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 164 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
बल्लेबाजी में विकल्प तिवारी ने नाबाद 39 रन, पवन परनाटे ने 39 रन और प्रतेक यादव ने सिर्फ 13 गेंदों में 30 रन की तूफानी पारी खेलकर जीत की नींव रखी।
रायगढ़ लायंस की ओर से प्रवीण कुमार यादव को एकमात्र विकेट मिला।
भारत गोंडवानी बने प्लेयर ऑफ द मैच
फाइनल में तीन महत्वपूर्ण विकेट लेने वाले भारत गोंडवानी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दिलचस्प रहा CCPL का सफर
छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग के पहले सीजन (2024) में रायपुर राइनोज ने फाइनल में बिलासपुर बुल्स को हराकर खिताब जीता था।
वहीं दूसरे सीजन में बारिश के कारण फाइनल मुकाबला नहीं हो सका था, जिसके चलते रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था।
अब तीसरे सीजन में बिलासपुर बुल्स ने रायगढ़ लायंस को हराकर पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की और CCPL के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया।